Know Your Tourist Place” थीम पर जिला प्रशासन ने एक विशेष कार्यक्रम का किया आयोजन
खूँटी: झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गुरुवार को “Know Your Tourist Place” थीम पर जिला प्रशासन ने एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्रीमती आर. रॉनिटा ने प्रातः काल बिरसा मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, खूंटी से आवासीय बालक हॉकी सेंटर, खूंटी एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बालिका हॉकी सेंटर, खूंटी की प्रशिक्षु खिलाड़ियों को डोम्बारी बुरु, पंचघाघ एवं लतरातू डैम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण हेतु वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वहीं उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, कर्मियों एवं प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने भी ऐतिहासिक डोम्बारी बुरु की ट्रेकिंग की। सर्वप्रथम उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारियों ने डोम्बारी बुरु में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अमर बलिदान को याद कर श्रद्धांजलि दी।
जिसके पश्चात सभी ने डोम्बारी बुरु की पहाड़ियों में ट्रेकिंग प्रारंभ किया। ट्रेकिंग के दौरान लोगों में अपार उत्साह एवं उमंग का माहौल देखने को मिला। सभी ने डोम्बारी बुरु के सुनहरे वादियों का लुत्फ उठाया। खूँटी जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि डोम्बारी बुरु का ऐतिहासिक महत्व है, डोम्बारी बुरु वह स्थान है, जहां भगवान बिरसा मुंडा और उनके अनुयायियों ने ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ संघर्ष किया था। यह स्थल 1899-1900 के उलगुलान आंदोलन का प्रमुख केंद्र रहा। भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में स्थानीय जनजातीय समुदाय ने अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ आवाज उठाई। डोम्बारी बुरु की पहाड़ियों पर हुए संघर्ष में सैकड़ों आदिवासी वीर शहीद हुए। यह स्थल आज भी जनजातीय संस्कृति, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है।
इस दौरान मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त श्री आलोक कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री आलोक शिकारी कच्छप, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री वरुण रजक, जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी श्री राजेश कुमार सहित, नजारत उप समाहर्ता श्रीमती कोमल कुमारी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत के मुखिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित रहे।



