राँची में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर चार दिवसीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

राँची, 12 नवम्बर। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अनिकेत सेवा संस्थान द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का आयोजन आज बालिका शिक्षा भवन, राँची में किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी श्री दिनेश प्रताप वर्मा रहे, जिन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। श्री वर्मा को भारत, नेपाल और भूटान की सरकारों द्वारा सामाजिक क्षेत्रों में किए गए कार्यों हेतु अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा ने न केवल जनजातीय समाज को संगठित किया, बल्कि राष्ट्र को स्वतंत्रता और आत्मसम्मान का संदेश दिया।”कार्यक्रम का संचालन सुबोध तिवारी ने किया, जिन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके समाज सुधार कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “बिरसा मुंडा केवल एक जननायक ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और स्वाभिमान के प्रतीक थे, जिनकी प्रेरणा आज भी समाज को दिशा देती है।”कार्यक्रम की अध्यक्षता कोऑर्डिनेटर श्रीमती अल्का तिरवार ने की। उन्होंने कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और ऐसे आयोजन सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाते हैं।” उद्घाटन सत्र के पश्चात सांस्कृतिक टीम द्वारा प्रस्तुत लोकगीत, जनजातीय नृत्य और नाट्य मंचन ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम में सैंकड़ों छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया और पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण बना दिया। कार्यक्रम के अंत में अनिकेत सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *