गोराडीह में रविवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की जनसभा, शुभानंद मुकेश के समर्थन में दिखेगा एनडीए का शक्ति प्रदर्शन

भागलपुर। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी आज रविवार को कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत सालपुर पंचायत के रायपुरा गांव पहुंचने वाले हैं। वे यहां जेडीयू प्रत्याशी शुभानंद मुकेश के समर्थन में एक भव्य जनसभा को संबोधित करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब दस बजे सम्राट चौधरी का हेलिकॉप्टर रायपुरा गांव के दुर्गा मंदिर मैदान में उतरेगा। इसी मैदान में मंच सजा है, जहां से वे जनता को संबोधित करेंगे। मंच पर जेडीयू प्रत्याशी शुभानंद मुकेश के साथ ही जिले के तमाम एनडीए नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है।

स्थानीय प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। मैदान में पंडाल, बैठने की व्यवस्था और साउंड सिस्टम की तैयारी देर रात तक जारी रही।

गोराडीह और आसपास के क्षेत्रों से लोगों के आने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव घूमकर लोगों को सभा स्थल तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं।राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह सभा कहलगांव विधानसभा में एनडीए के लिए माहौल बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। सम्राट चौधरी अपने तीखे भाषणों और आक्रामक शैली के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वे विपक्ष पर जमकर निशाना साधेंगे और शुभानंद मुकेश के समर्थन में जनता से वोट की अपील करेंगे।जनसभा को लेकर पूरे इलाके में चुनावी उत्साह और हलचल देखने को मिल रही है। लोगों में डिप्टी सीएम को नजदीक से देखने और सुनने की उत्सुकता साफ झलक रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *