बिहार विधानसभा चुनाव : पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान संपन्न, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले – एनडीए को मिलेगी 100 सीटों पर जीत, जनता ने किया विकास के पक्ष में मतदान

गणादेश,पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। कुल 121 विधानसभा सीटों पर मतदाताओं ने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें दिखीं, खासकर महिला मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

मतदान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया कि बिहार की जनता ने इस बार विकास और स्थिरता के पक्ष में वोट किया है। उन्होंने कहा, “पहले चरण के चुनाव में एनडीए को 121 में से 100 सीटों पर जीत मिलने वाली है। महागठबंधन को मात्र 21 सीटों पर ही सफलता मिलेगी।”

सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि इस चुनाव में लालू यादव परिवार का कोई भी उम्मीदवार जीत नहीं पाएगा, क्योंकि बिहार की जनता अब जंगलराज’ के दौर में लौटना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा, महिलाएं और किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विश्वास जता रहे हैं।

वहीं, दूसरी ओर महागठबंधन ने एनडीए पर चुनावी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। विपक्ष का कहना है कि कई इलाकों, विशेषकर दियारा क्षेत्र में नाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण अनेक मतदाता मतदान से वंचित रह गए। महागठबंधन ने चुनाव आयोग से इस पर गंभीर संज्ञान लेने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *