भागलपुर की धरती से पीएम मोदी का वार,राजद को ‘फ’ से फिरौती और ‘र’ से रंगदारी ही आती

भागलपुर। बिहार के चुनावी समर में पहले चरण की वोटिंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भागलपुर से महागठबंधन पर सीधा हमला बोला। छठ पर्व की आस्था का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने कहा – कांग्रेस के नामदार छठ मइया की पूजा को ड्रामा बताते हैं, नौटंकी कहते हैं। हमारी माताएं-बहनें जो इस पूजा में अपना जीवन समर्पित करती हैं, उनका अपमान हुआ है। लेकिन राजद के बड़े नेता चुप हैं, उनके मुंह पर ताला लग जाता है।राजद को ‘फ’ से फिरौती और ‘र’ से रंगदारी ही आती है

पीएम मोदी ने राजद पर तंज कसते हुए कहा, राजद वालों को ‘फ’ से फरौती, ‘र’ से रंगदारी, ‘प’ से परिवारवाद और ‘घ’ से घोटाला ही सिखाया गया है। यही उनकी राजनीतिक पहचान बन चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और आरजेडी की मजबूर दोस्ती अब टूटने के कगार पर है – कांग्रेस के नामदार बिहार आना नहीं चाहते थे, लेकिन उन्हें जबरदस्ती लाया गया। उनके बीच की लड़ाई अब खुलकर सामने आ गई है। चुनाव के बाद यही साथी एक-दूसरे के बाल नोचेंगे।

भागलपुर सम्मान और संघर्ष की धरती है

मोदी ने कहा कि देश में केवल दो जगहें हैं जहां गंगा उत्तरवाहिनी बहती है। एक वाराणसी, दूसरी भागलपुर। यह भूमि तिलकामांझी और कादंबिनी गांगुली जैसे महान व्यक्तित्वों की जन्मभूमि है। विक्रमशिला ने दुनिया को ज्ञान का मार्ग दिखाया। यह धरती कभी हार नहीं मानती।

कांग्रेस पर सीधा प्रहार, भागलपुर दंगे का दाग नहीं मिटेगा

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अपने कुशासन के दाग से कभी मुक्त नहीं हो सकती। भागलपुर दंगे का दाग उसी तरह रहेगा जैसे सिख दंगे का। कांग्रेस और आरजेडी के कारण बिहार के नौजवानों को पलायन का दर्द झेलना पड़ा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि एनडीए की सरकार बिहार के युवाओं को यहीं रोजगार देगी। विक्रमशिला फोरलेन ब्रिज और पीरपैंती का पावर प्रोजेक्ट विकास की नई मिसाल हैं। एनडीए का संकल्प है। अब बिहार का नौजवान बिहार में ही काम करेगा।

दही-चूड़ा और मखाने की खीर से मनाएंगे जीत

मोदी ने कहा कि बिहार की जनता अब ठान चुकी है – 14 नवंबर को नतीजे आएंगे, और हम दही-चूड़ा और मखाने की खीर से एनडीए की जीत का जश्न मनाएंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर सरकार के काम बताएं और मतदान करें। जो अब तक वोट नहीं दिए हैं, वे जरूर निकलें। बिहार एक सुर में कह रहा है – फिर एक बार, एनडीए सरकार।”

सभा में एनडीए के उम्मीदवारों की मौजूदगी

प्रधानमंत्री की सभा में एनडीए के 10 विधानसभा प्रत्याशी मौजूद रहे – भाजपा के रोहित पांडे (भागलपुर), इंजीनियर शैलेंद्र (बिहपुर), मुरारी पासवान (पीरपैंती), जदयू के शुभानंद मुकेश (कहलगांव), बुलो मंडल (गोपालपुर), ललित नारायण मंडल (सुल्तानगंज) और लोजपा (आर) के मिथुन यादव (नाथनगर) समेत अन्य नेता मंच साझा कर रहे थे।

सभा के बीच पोस्टर लेकर विरोध, युवक हिरासत में

सभा के दौरान अचानक एक युवक ने दलितों पर अत्याचार क्यों। लिखा पोस्टर लहराकर विरोध जताया। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने युवक को मौके पर हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि वह ‘दलित को सताया जा रहा है’ लिखे पोस्टर के साथ मंच के सामने पहुंच गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *