श्री उग्रतारा मंदिर व पं मंडन मिश्र की महिमा पर पीएम व गृहमंत्री के वक्तव्य पर लोगों ने जताया हर्ष

सहरसा :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा एक ही दिन श्री उग्रतारा स्थान और पंडित मंडन मिश्र और उनकी विदुषी पत्नी भारती के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ( पूर्व में ट्विटर) पर लिखे पोस्ट ने महिषी सहित सहरसा जिले के आम लोगों में हर्ष का संचार हुआ है।बिहार विधान सभा के प्रथम चरण के चुनाव प्रचार में सहरसा पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा लाखों लोगों के सामने अपने संबोधन में मां उग्रतारा का नमन करना और साथ अपने भाषण के क्रम में महान दार्शनिक मीमांसक मंडन मिश्र का विशेष उल्लेख करना एक विशेष महत्व रखता है। अपने भाषण के अलावा प्रधानमंत्री अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पंडित मंडन मिश्र सहित उनकी धर्मपत्नी भारती और शंकाराचार्य  के बारे में लिखा है।इसी क्रम में प्रधानमन्त्री के सहरसा आगमन से पहले गृह मंत्री अमित शाह ने अपने कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल से हिंदी व मैथिली में अलग अलग दो पोस्ट को प्रसारित किया जिसमें मिथिला की महान विद्वत परंपरा की पीढ़ी में भारती व मंडन मिश्र और शंकराचार्य के मध्य हुए ऐतिहासिक शास्त्रार्थ का जिक्र करते हुए लिखा गया है।चुनाव से पूर्व हुए इस बात को देश के शीर्षस्थ राष्ट्रध्यक्ष के द्वारा इस क्षेत्र के ऐतिहासिक महान विभूतियों को स्मरण करना आम लोगों के द्वारा सकारात्मक नजर से देखा जा रहा है। लोगों ने महिषी में मीमांसक मंडन मिश्र पर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का भव्य स्मारक और अंतरराष्ट्रीय स्तर का दार्शनिक शोध केंद्र की स्थापना की दिशा में सार्थक पहल अपेक्षा की है। चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों और दलों से इसे चुनावी मुद्दे के शामिल करने की वकालत की है ताकि सहरसा जिले विश्व के मानचित्र पर विशेष रूप से स्थापित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *