यह आयोजन हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता
बोकारो : लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने महोत्सव स्थल का दौरा कर संपूर्ण व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीसी ने कहा कि महोत्सव में देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं, इसलिए सफाई, पेयजल, आवास, परिवहन एवं खिचड़ी सेवा जैसी सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित होनी चाहिए।उन्होंने निर्देश दिया कि हर श्रद्धालु को सुविधा और सुरक्षा दोनों का अनुभव होना चाहिए यही प्रशासन की प्राथमिकता है।
एसपी हरविंदर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, और रात्रि गश्ती में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।उन्होंने कहा कि पूरे परिसर में पर्याप्त पुलिस बल, ड्रोन कैमरे और निगरानी तंत्र सक्रिय रहेंगे ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।
डीसी एसपी ने विभिन्न विभागों पेयजल स्वच्छता, स्वास्थ्य, बिजली, परिवहन, पर्यटन एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पूरे महोत्सव अवधि में स्थल पर तैनात रहें और किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
लुगुबुरू महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। यह आयोजन हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।प्रशासन द्वारा इस बार भी टेंट सिटी, नि:शुल्क बस सेवा, खिचड़ी वितरण, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर और सूचना केंद्र जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।



