पीके के रोड शो में हादसा, जाम में फंसी एंबुलेंस, मरीज ने तोड़ा दम

भागलपुर। जिले के गोपालपुर इलाके में बुधवार की शाम राजनीति और हकीकत की टक्कर एक साथ दिखी। एक तरफ प्रशांत किशोर का रोड शो, दूसरी ओर मौत से जूझती ज़िंदगी। सड़क पर जब भीड़ और गाड़ियों का शोर बढ़ रहा था, उसी वक्त एक एंबुलेंस के अंदर सन्नाटा पसर रहा था।

जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर (पीके) बुधवार को गोपालपुर विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी मंटू सिंह के समर्थन में रोड शो कर रहे थे।.करीब 50 गाड़ियां और 2000 से ज़्यादा समर्थकों का काफिला नवगछिया के मिलन चौक तक पहुंचा ही था कि अचानक दो गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। टक्कर मामूली थी, लेकिन असर गहरा। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम। चारों तरफ हूटर, नारों और हॉर्न की आवाज़ें, पर एंबुलेंस की सायरन उस भीड़ में खो गई।

जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी थी। मरीज की हालत गंभीर थी, जिसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश हो रही थी। लेकिन सड़क थमी रही, गाड़ियां हिलीं नहीं।जब तक रास्ता खुला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मरीज ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर जाम नहीं होता तो मरीज बच जाता। एंबुलेंस में ऑक्सीजन भी थी, पर वक्त निकल गया। लोगों का कहना है कि जाम लगने के बाद भी रोड शो चलता रहा। प्रशांत किशोर गाड़ी से लोगों का अभिवादन करते रहे, भीड़ बढ़ती रही और सड़क पूरी तरह जाम हो गई।

हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने जाम खुलवाने में काफ़ी मशक्कत की।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि रोड शो के प्रबंधन में भारी लापरवाही रही। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि स्थानीय लोगों के मन में एक ही सवाल गूंज रहा है – क्या राजनीति की रफ्तार के आगे इंसानी जान इतनी सस्ती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *