डीडीसी ने विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
खूंटी: समाहरणालय स्थित डीआरडीए कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय स्टीयरिंग-सह-मॉनिटरिंग कमिटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में योजना के प्रभावी कार्यान्वयन हेतु विभिन्न बिंदुओं पर गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से स्कूली बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, मध्याह्न भोजन एवं इससे संबंधित एसएमएस भेजने की स्थिति, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना, रसोइयों और सहायिकाओं को मानदेय भुगतान समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि मध्याह्न भोजन में पौष्टिकता का विशेष ध्यान रखते हुए अनिवार्य रूप से हरी सब्जी तथा अन्य पोषक आहार का समावेश किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने निर्देशित किया कि बीईओ, बीपीओ, बीआरपी एवं सीआरपी प्रत्येक माह अपने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर ऑनलाइन रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि विद्यालयों का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन, मिड-डे मील की ससमय आपूर्ति, मेनू के अनुसार भोजन वितरण एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिया जाए। विद्यालयों की नियमित मोनिटरिंग एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित की जाए। शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, पूरी तत्परतापूर्वक बच्चों के पठन-पाठन के अलावा बच्चों को स्वच्छता, शिष्टाचार समेत अन्य जरूरी विषयों के प्रति उन्हें जागरूक करें, जिससे बच्चों का सर्वागीण विकास हो सके।
इस बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक, बीईओ, बीपीओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



