दलाईलामा को धमकी देने वाली कथित चीनी जासूस गिरफ्तार

पटना : बौद्ध धर्म गुरु दलाईलामा को धमकी देने वाली कथित चीनी जासूस महिला को गया की पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मगध रेंज के आइजी एमआर नायक ने बताया कि उस महिला से बोधगया थाने में पूछताछ चल रही है। महिला का नाम सांग जियालोन बताया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से आज उस कथित चीनी जासूस महिला का स्केच जारी होने के बाद दलाई लामा की सुरक्षा बढा दी गयी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह महिला दो साल से गया में देखी जा रही थी। वह दलाई लामा के बारे में जानकारियां जुटा रही थी। खुफिया एजेंसियों की नजर उस पर थी। बताया जा रहा है कि चीनी जासूस महिला वर्ष 2019 से बोधगया में है। बीच में वो नेपाल भी गई थी। चीन में वॉलियंटर के रूप में काम करती थी।
सबसे बड़ी बात यह है कि आज से ही दलाई लामा का कालचक्र मैदान में तीन दिवसीय प्रवचन शुरू है और चीनी महिला को भी यहीं से गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि बोधगया में इन दिनों दुनियाभर से बौद्ध धर्म के अनुयायी आए हुए हैं। बौद्धों के सबसे बड़े धर्म गुरु दलाई लामा भी काल चक्र पूजा को लेकर एक महीने के प्रवास पर बोधगया में रहेंगे।
कार्यक्रम में 50 से अधिक देशों से करीब दो लाख बौद्ध श्रद्धालुओं के आने संभावना है।
बताया जा रहा है कि महिला दलाई लामा की जासूसी कर रही थी। प्रवचन कार्यक्रम के पहले दिन ही गुरुवार की सुबह यह खबर सामने आने के बाद हड़कंप मच गया था। सूचना के बाद पुलिस मुख्यालय द्वारा अलर्ट भी जारी किया गया था। गया की एसएसपी हरप्रीत कौर और पुलिस ने महिला का स्केच जारी कर लोगों से भी कहा था कि जैसे ही इसके बारे में कुछ पता चले तो वे पुलिस को जानकारी दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *