सीमावर्ती सुरक्षा पर सख्त निगरानी, बॉर्डर में हुई अहम बैठक,शांतिपूर्ण चुनाव कराने पर जोर
भागलपुर। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिले के पीरपैंती यानी बिहार – झारखंड थाना परिसर में एक अहम समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ टू पंकज कुमार ने की। इस बैठक में बिहार और झारखंड की सीमाओं से सटे सभी थानों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मेहरमां एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद, साहेबगंज एसडीपीओ किशोर तिर्की, कहलगांव एसडीपीओ कल्याण आनंद, पीरपैंती इंस्पेक्टर अरुण कुमार, थानाध्यक्ष नीरज कुमार, मिर्जाचौकी थानाध्यक्ष रूपेश यादव, ईशीपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, सहित बाखरपुर थाना, मुफस्सिल थाना और मेहरमां थाना के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान चुनावी माहौल में सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर सहमति जताई कि सीमा से अवैध शराब, हथियार या नकदी की किसी भी प्रकार की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
एसडीपीओ टू पंकज कुमार ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में चेक पोस्ट बनाकर नाकाबंदी की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी समय रहते की जा सके। उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्य झारखंड की पुलिस भी बिहार पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर रही है, जिससे दोनों राज्यों की संयुक्त टीम आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रख सके।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा लक्ष्य है कि आगामी विधानसभा चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न हो। सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की सतर्कता और सहयोग ही इसका आधार बनेगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चुनावी अवधि के दौरान पुलिस बलों की गश्त बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी रखी जाएगी।



