भागलपुर में दीवाली की रात धार्मिक भावनाओं पर ‘आग’, पोस्टर जलाने से भड़का बवाल; SSP मौके पर पहुंचे

गणादेश,भागलपुर: दीपावली की रौशनी में जब पूरा शहर जगमगा रहा था, उसी वक्त भागलपुर के करोड़ी बाजार में एक ‘अंधेरे’ ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। हबीबपुर थाना क्षेत्र में धार्मिक पोस्टर को उखाड़कर जलाने की घटना ने शहर की फिजा में बवाल भर दिया।

सुबह जैसे ही लोगों की नजर जले हुए पोस्टर पर पड़ी, वैसे ही सुद्दी मुखिया चौक पर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। नाराज़गी इतनी कि लोग सिर्फ जवाब नहीं, कड़ी कार्रवाई की मांग कर बैठे। मौके पर डीएसपी टू राकेश कुमार और मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर हालात को संभालने की कोशिश की, लेकिन मामला तूल पकड़ता देख एसएसपी हृदयकांत खुद मोर्चा संभालने पहुंचे।

मोहल्ले के इस्तीखार ने साफ कहा “ये बहुत गलत हुआ है। कुछ लोग समाज को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हमलोग हमेशा शांति और भाईचारे के साथ रहे हैं। दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ कर कड़ी सज़ा दी जानी चाहिए।”

एसएसपी हृदयकांत ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के पास घटना से जुड़े फुटेज भी मौजूद हैं और जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *