झामुमो ने घाटशिला उपचुनाव में सोमेश सोरेन को दिया टिकट, केन्द्रीय कार्य समिति की बैठक में निर्णय,बिहार विधानसभा चुनाव में शीट शेयरिंग पर सस्पेंस बरकरार

गणादेश,रांची: झामुमो की केंद्रीय कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को राजधानी रांची के हरमू स्थित सोहराय भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में संगठन से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान ही पार्टी की ओर से घाटशिला उपचुनाव के लिए सोमेश सोरेन को उम्मीदवार घोषित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें पार्टी का सिंबल और टिकट सौंपते हुए विजय का आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि “घाटशिला उपचुनाव और बिहार विधानसभा चुनाव—दोनों ही जगह झामुमो पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगा। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है — एनडीए को हराना और जनता की आवाज को मजबूत बनाना।” उन्होंने आगे बताया कि बिहार में सीट बंटवारे पर बातचीत अंतिम चरण में है और देर रात तक इस पर निर्णय ले लिया जाएगा।
बैठक में विधायक कल्पना सोरेन, केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडेय, प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य, सभी विधायक, सांसद तथा वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि पार्टी ने सर्वसम्मति से सोमेश सोरेन को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि “17 अक्टूबर को सोमेश सोरेन घाटशिला से नामांकन दाखिल करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे।”
इस मौके पर घाटशीला उप चुनाव में झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद सोरेन ने कहा कि घाटशिला की जनता झामुमो के साथ है और इस बार “हम 40 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।” उन्होंने कहा कि उनके पिता, दिवंगत रामदास सोरेन द्वारा किए गए विकास कार्यों का लाभ इस उपचुनाव में निश्चित रूप से मिलेगा।
वहीं, झामुमो के केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडेय ने कहा कि बैठक में चुनावी रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियाँ और संगठन की मजबूती पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा —
“घाटशिला विधानसभा झामुमो का था, है और आगे भी रहेगा।”
बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भी रणनीतिक चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि गठबंधन के तहत झामुमो जिन सीटों पर लड़ेगा, वहां पूरी ताकत के साथ उतरकर चुनाव जीतेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *