गांधी जयंती पर आरआरडीए दुकानदार कल्याण महासंघ का सफाई अभियान शुरू

गणादेश,रांची :गांधी जयंती के अवसर पर आरआरडीए दुकानदार कल्याण महासंघ ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की। महासंघ के अध्यक्ष आनंद कोठारी के नेतृत्व में आरआरडीए के अधीन आने वाले पांच प्रमुख मार्केटिंग कॉम्प्लेक्सों में विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई।
यह अभियान आरआईटी मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स (न्यू डेली मार्केट, मेन रोड), बिरसा बस स्टैंड मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स (खाद गाड़ा), न्यू कांके मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स (कांके), न्यू रातू रोड मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स (रातू रोड) तथा अन्य मार्केट में एक साथ चलाया गया। महासंघ का कहना है कि यह सफाई कार्य तब तक जारी रहेगा जब तक सभी कॉम्प्लेक्स पूरी तरह साफ नहीं हो जाते।
महासंघ ने आरोप लगाया कि आरआरडीए की ओर से अब तक किसी भी मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में नियमित सफाई कार्य या बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं। जबकि इन पांचों कॉम्प्लेक्सों में करीब 1000 व्यापारी-व्यवसायी अपनी जीविका चला रहे हैं। इन दुकानों पर 5000 से अधिक कर्मचारी और मजदूर कार्यरत हैं, जिनकी आजीविका इन बाजारों पर निर्भर है। साथ ही, प्रतिदिन हजारों ग्राहक इन कॉम्प्लेक्सों में खरीदारी करने आते हैं।
महासंघ के अध्यक्ष आनंद कोठारी ने कहा कि व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने रांची नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि नियमित रूप से सभी मार्केट से कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और यह कार्य तुरंत प्रभाव से शुरू किया जाए।
आज के सफाई अभियान में अध्यक्ष आनंद कोठारी के साथ मोहम्मद शमीम, प्रेम कुमार सिंह, इंद्र राज आनंद, बिनोद चौरसिया, धर्मेंद्र कुमार, मोहम्मद चांद, पंकज कुमार सिंह, अजय खाका, मोहम्मद मुस्लिम, मोहम्मद इरफान, निरज दत्त और जयंत झा ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
महासंघ ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम के सहयोग से यह अभियान रांची को और स्वच्छ, सुरक्षित व ग्राहकों के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *