पिंड्राजोरा में नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़
बोकारो : सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत उलगाढ़ा पंचायत में बीती रात को विशेष छापामारी अभियान चलाकर नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन कर
2 स्थानों से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, निर्माण सामग्री, विभिन्न ब्रांड के स्टिकर, ढक्कन, फ्लेवर, कैरामेल, स्पिरिट, खाली बोतलें तथा झारखंड सरकार के नकली होलोग्राम को सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देशानुसार उत्पाद टीम ने बरामद किया। जांच क्रम में पता चला है कि अवैध मिनी फैक्ट्री का संचालन चास निवासी अंकित सिंह, श्याम सिंह, अविनाश कुमार उर्फ बिट्टू एवं राहुल मंडल द्वारा किया जा रहा था। इसमें उलगाढ़ा निवासी नेपाल महतो सहयोग कर रहा था, जिसके मकान एवं उसके खेत में बने अर्धनिर्मित एस्बेस्टस मकान में यह अवैध कारोबार संचालित हो रहा था। उक्त संलिप्त सभी अभियुक्तों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करवाया गया।इस छापामारी अभियान का नेतृत्व उत्पाद निरीक्षक बिजय कुमार पाल ने किया सहित दल में उत्पाद अवर निरीक्षक सदर-सह-तेनुघाट सन्नी विवेक तिर्की एवं उत्पाद अवर निरीक्षक बेरमो-सह-चंदपुरा महेश दास दल-बल उपस्थित थे।



