आदि सेवा केंद्र  के सफल संचालन एवं “विलेज विजन एक्शन प्लान” तैयार करने को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों ने किया ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा

गणादेश,खूँटी: आदि कर्मयोगी अभियान” अंतर्गत स्थापित किए जा रहे “आदि सेवा केंद्र” के सफल संचालन एवं “विलेज विजन एक्शन प्लान” तैयार करने के उद्देश्य से आज जिला स्तरीय पदाधिकारियों की टीम द्वारा विभिन्न प्रखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया गया। इस क्रम में अधिकारियों ने गाँव-गाँव जाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उनसे फीडबैक प्राप्त किया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि क्षेत्र में कोई भी योग्य लाभुक सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। यदि किसी पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, तो उसे चिन्हित कर शीघ्र योजना से जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।

बैठक एवं संवाद के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, स्वरोजगार, आधारभूत संरचना विकास समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं एवं सुझावों को संकलित कर “विलेज विजन एक्शन प्लान” में शामिल किया गया, ताकि प्रत्येक पंचायत व गाँव के लिए क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप अगामी 5 वर्षों के लिए ठोस विकासात्मक योजना तैयार की जा सके।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि “आदि सेवा केंद्र” ग्रामीण अंचलों के लिए एक बहुउद्देशीय सहायता केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहाँ से ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ी जानकारी, सुविधा एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा। यह केंद्र न केवल शासन और जनता के बीच सेतु का काम करेगा बल्कि क्षेत्रीय विकास को गति देने में भी सहायक सिद्ध होगा।

ग्राम स्तरीय संवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे विकास योजनाएँ जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचेंगी और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *