केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर की भागलपुर में तबीयत बिगड़ी, पटना भेजे जाएंगे एयर एम्बुलेंस से
भागलपुर। एनडीए के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर अचानक बीमार पड़ गए। टाइफाइड और वायरल फीवर की पुष्टि के बाद उन्हें भागलपुर सर्किट हाउस में डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है। अब दोपहर 2 बजे एयर एम्बुलेंस से पटना ले जाया जाएगा।बताया गया कि कल रात भागलपुर पहुंचते ही मंत्री को तेज बुखार ने घेर लिया। सुबह डॉक्टरों की टीम ने जांच की, तो सामने आया – वायरल फीवर के साथ टाइफाइड भी है। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. आनंद सिन्हा ने पुष्टि करते हुए बताया, “उन्हें स्लाइन चढ़ाई जा रही है, निगरानी जारी है।”जैसे ही खबर फैली, भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन, जदयू की कहकशां परवीन और भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह समेत कई नेता सर्किट हाउस पहुंचे। एक ओर सम्मेलन की तैयारियां चल रही थीं, तो दूसरी ओर नेता मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे थे।मालूम हो कि नाथनगर विधानसभा के जगदीशपुर में आज होने वाले एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में ठाकुर को मुख्य वक्ता के रूप में बुलाया गया था। परंतु अब सम्मेलन में उनका आना नामुमकिन है।डॉ. सिन्हा ने बताया कि मंत्री ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और प्रोस्टेट की समस्याओं से पहले से जूझ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण ने उन्हें और कमजोर कर दिया है। हालांकि अभी हालत स्थिर है। दोपहर 2 बजे विशेष एयर एम्बुलेंस उन्हें पटना के लिए रवाना करेगी। वहां एक विशेष मेडिकल टीम उनका इलाज करेगी।



