खूंटी कचहरी परिसर में बार भवन का शिलान्यास, सीएम ने कहा– न्याय व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम
गणादेश,खूंटी : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खूंटी कचहरी परिसर में बार भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, अन्य न्यायाधीश, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक राम सूर्या मुंडा, विधायक सुदीप गुड़िया, महाधिवक्ता राजीव रंजन समेत बड़ी संख्या में न्यायिक व प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान चाईबासा और चांडिल के बार भवनों का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शिलान्यास भले ही छोटा लग रहा हो, लेकिन इसके मायने बेहद बड़े हैं। बार भवन न्याय व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं और सरकार का लक्ष्य है कि अगले तीन सालों में राज्य के सभी जिलों में आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बार भवन बनकर तैयार हों।

सीएम सोरेन ने न्यायालय को “न्याय का मंदिर” बताते हुए कहा कि यहां सभी को बिना भेदभाव न्याय मिलता है, जो संविधान की नींव को मजबूत करता है। उन्होंने बताया कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने अधिवक्ताओं को पेंशन सुविधा दी है। इसके अलावा स्वास्थ्य बीमा और स्टाइपेंड जैसी योजनाएं भी अधिवक्ताओं के हित में चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला न्यायालय परिसरों की समस्याओं का समाधान तत्काल होना चाहिए और न्यायिक पदाधिकारियों व कर्मचारियों के लिए आवास व्यवस्था भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि खूंटी, चाईबासा और चांडिल में बार भवन का निर्माण न्यायिक प्रणाली को मजबूत बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही सरकार हर स्तर पर स्वतंत्र न्यायपालिका को सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आम जनता को तेज और सुलभ न्याय मिल सके।



