खूंटी में विधिज्ञ परिषद भवन का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान,तैयारी पूरी
खूंटी : खूंटी जिला 16 सितम्बर को एक ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनेगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान संयुक्त रूप से कचहरी मैदान परिसर में प्रस्तावित विधिज्ञ परिषद भवन का शिलान्यास करेंगे। यह भवन न्यायिक गतिविधियों को नई मजबूती देगा और अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस कार्यस्थल उपलब्ध कराएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। उपायुक्त आर. रॉनिटा और पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने मजिस्ट्रेटों व पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग कर सभी को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से मंच व्यवस्था, स्वागत-सत्कार, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और प्रोटोकॉल से संबंधित सभी कार्यों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
कार्यक्रम शाम 4 बजे आयोजित होगा। मुख्यमंत्री और मुख्य न्यायाधीश की उपस्थिति को खूंटी जिला प्रशासन और अधिवक्ता समाज ऐतिहासिक उपलब्धि मान रहा है। इसी दौरान चांडिल और चाईबासा बार भवनों का शिलान्यास भी वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा, जिससे राज्य की न्यायिक संरचना को नई ऊर्जा मिलेगी।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आगंतुक अतिथियों और आम नागरिकों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जिले के गौरव और गरिमा से जुड़ा है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें।
यह भवन बनने के बाद न केवल अधिवक्ताओं को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया में भी तेजी और पारदर्शिता आएगी। इस आयोजन से खूंटी जिले का नाम न्यायिक मानचित्र पर और सशक्त रूप से दर्ज होगा।



