संगठन के नए तेवर और कलेवर से कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार होगा : पर्यवेक्षक
चाईबासा।(गणादेश)कांग्रेस की ओर से पूरे देश में चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत प०सिंहभूम जिला में भी गतिविधियां तेज हो गई है।इसी क्रम में सोमवार को कांग्रेस भवन , चाईबासा में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी बोदरा की अध्यक्षता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चयन प्रक्रिया के निमित्त रायशुमारी बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रारंभ गुआ गोलीकांड के अमर वीर शहीदों को शत्-शत् नमन कर किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में जिला महिला कांग्रेस कमिटी , प०सिंहभूम के पदाधिकारी तथा सदस्य शामिल हुए और नए जिला अध्यक्ष चयन को लेकर अपनी राय रखी । बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी द्वारा मनोनीत पर्यवेक्षक मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा मनोनीत पर्यवेक्षक महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे ।
बैठक को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं से सीधी बातचीत करना और उनकी राय लेना बेहद आवश्यक है , इसी उद्देश्य से प०सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों का दौरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य ऐसा नेतृत्व तैयार करना है जो जरूरतमंदों की आवाज को मजबूती से उठा सके , उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार जिलाध्यक्ष का चयन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा और इसमें स्थानीय नेता व कार्यकर्ताओं की राय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी ।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सह पर्यवेक्षक गुंजन सिंह ने कहा कि संगठन सृजन के जरिए समाज के हर एक वर्ग के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करना है । संगठन के लिए समर्पित , ऊर्जावान और दूरदर्शी सोच रखने वाले कार्यकर्ताओं को मौका मिले , ये जरूरी है। पर्यवेक्षक द्वय ने कहा कि संगठन के नए तेवर और कलेवर से कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार होगा । मजबूत संगठन के दम पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का संदेश गांव – गांव , घर – घर तक पहुँचेगा । बैठक का संचालन श्रीमती बारी और धन्यवाद ज्ञापन जिला सचिव जया सिंकु ने किया।
मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास , पूर्व उप समाहर्ता विजय लक्ष्मी सिंकु , वरीय कांग्रेसी मनोज राजानी , महिला नेत्री सुनीता सावैयां , सत्यशिला हेम्ब्रम , मिली बिरुवा , सरस्वती दास , मालती कालुण्डिया , सावित्री सिरका , रीता पुरती , रजनीश बिरुवा , पूनम हेम्ब्रम , अंशु तियु , सुनीता सिंकु , रानी सुंडी , चंद्रावती बोयपाई , युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ,जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय , कार्यालय सचिव सुशील कुमार दास सहित अन्य मौजूद थे ।



