भाजपा महिला मोर्चा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, पुलिसिया अभद्रता की उच्चस्तरीय जांच की मांग

रांची: बिहार में कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणी को लेकर देशभर में आक्रोश व्याप्त है। इसी घटना के विरोध में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा ने राजधानी रांची में शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर अपना रोष प्रकट किया।महिला मोर्चा का आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, जो न केवल असंवेदनशीलता का परिचायक है बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। इसी संदर्भ में महिला मोर्चा की ओर से राज्यपाल संतोष गंगवार को ज्ञापन सौंपा गया और घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई।राज्यपाल ने मामले का संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए है।ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह के साथ उपाध्यक्ष बबिता झा, मंत्री सूचिता सिंह, मंत्री नीलम चौधरी, मीडिया प्रभारी कुमुद झा, सोशल मीडिया प्रभारी रंजीता सिंह, कार्यालय मंत्री कवलजीत कौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष नेहा सिंह तथा महानगर अध्यक्ष पायल सोनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *