हॉस्टल में पानी भरने से फिर बढ़ी परेशानी, एबीवीपी के नेतृत्व में छात्राएं विश्वविद्यालय पहुंचीं
भागलपुर। टीमबीयू पीजी छात्रावास में फिर से पानी भरने की समस्या सामने आई है, जिससे छात्राओं को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हॉस्टल की स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि बंद होने तक की नौबत आ गई है। इस मुद्दे को लेकर दर्जनों छात्राएं, एबीवीपी के छात्र नेता आशुतोष सिंह तोमर के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन से मिलने पहुंचीं।चर्चा के दौरान डीएसडब्ल्यू (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) ने सोमवार तक समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
हॉस्टल की प्रीफेक्ट, अंजलि झा ने कहा, कुछ दिन पहले ही बाढ़ के कारण हॉस्टल को बंद करना पड़ा था, और अब फिर से पानी भरने से हम सभी को गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में छात्राओं का क्लास छूटना तय है, और जब अटेंडेंस की 75 प्रतिशत अनिवार्यता हो, तो हमें फॉर्म भरने में भी दिक्कत हो रही है। हम सभी की यह मांग है कि अगर हॉस्टल बंद होने की स्थिति आ जाए, तो हमें तत्काल एसएम कॉलेज हॉस्टल या अन्य किसी स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि हमारा पढ़ाई और क्लास का नुकसान न हो। इससे पहले भी ऐसा हो चुका है जब छात्राओं को अस्थायी रूप से एसएम कॉलेज में शिफ्ट किया गया था। आशुतोष सिंह तोमर ने डीएसडब्ल्यू से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके जवाब में डीएसडब्ल्यू ने सोमवार तक समाधान का आश्वासन दिया और कहा कि फॉर्म भरने में किसी भी छात्रा को समस्या नहीं होने दी जाएगी।
प्रतिनिधि मंडल में एबीवीपी के छात्र नेता अमन राय, प्रभाकर कुमार, सन्नी, सीमा, मनीषा, अलका, खुशबू, सेजल, आकांक्षा, श्रुति, ब्यूटी, मीरा, वंदना, मौसम, अंजली, सिंकू, ज्योति, राजनंदनी, आरती और अन्य छात्राएं मौजूद थीं।



