हीरो एशिया कप 2025 की ट्रॉफी पहुंची भागलपुर, बैंड-बाजे के साथ हुआ ऐतिहासिक स्वागत
भागलपुर। हीरो एशिया कप 2025 पुरुष हॉकी टूर्नामेंट की ट्रॉफी आज भागलपुर पहुंची, जहां इसका भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही ट्रॉफी शहर की सरजमीं पर उतरी, बैंड-बाजे की धुन पर गूंज उठा सारा परिसर। स्काउट एंड गाइड के बच्चों, खेलप्रेमियों और जिला प्रशासन ने मिलकर इस गौरव यात्रा का भागलपुर में भव्य अभिनंदन किया।
यह पहला अवसर है जब एशिया कप पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन बिहार में हो रहा है। यह ऐतिहासिक आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर में होगा, जिसमें चीन, जापान, ताइवान और ताईपे सहित आठ देशों की टीमें भाग लेंगी।
जिलाधिकारी ने किया ट्रॉफी का सम्मानपूर्वक स्वागत
ट्रॉफी को मंच तक जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं अन्य अधिकारियों ने पूरे सम्मान के साथ पहुंचाया। मंच के समीप प्रतीकात्मक हॉकी प्रदर्शन कर यह संदेश भी दिया गया कि भागलपुर खेलों को लेकर पूरी तरह सजग और उत्साहित है।
ट्रॉफी यहीं रह जाए – डीएम की भावुक अपील
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा, पिछले वर्ष महिला एशियन चैंपियन ट्रॉफी के दौरान भी हमने यही कामना की थी कि ट्रॉफी यहीं रहे, और हमारी कामना पूरी हुई। अब फिर से यही प्रार्थना है कि हीरो एशिया कप 2025 की ट्रॉफी भी हमारी धरती पर ही विराजमान हो। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भविष्य में भारतीय पुरुष हॉकी टीम में भागलपुर के खिलाड़ी शामिल हों, ताकि उनका भी सम्मानपूर्वक स्वागत किया जा सके।
खेलों में भागलपुर की बढ़ती पहचान
जिलाधिकारी ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में भागलपुर की मेजबानी की सफलता को याद किया, जिसमें राष्ट्रीय तीरंदाजी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित हुई थीं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने भागलपुर की अतिथि सत्कार की सराहना की।बाल कलाकारों ने मोहा मन
इस कार्यक्रम में किलकारी के बच्चों ने जूडो-कराटे और सांस्कृतिक नृत्य का मनमोहक प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता दिनेश राम, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, एसडीओ विकास कुमार, डीएसपी यातायात आशीष कुमार, डीएसपी मिथिलेश प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और खेल संघों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक तथा स्थानीय खेलप्रेमी मौजूद थे।



