मैदान नहीं तो वोट नहीं – सम्राट चौधरी की सभा में युवाओं की हुंकार, चांदी का मुकुट पहनकर डिप्टी सीएम ने झेली जनता की खरी-खोटी
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। शनिवार को बिहपुर की सियासी फिजा कुछ अलग ही रंग में रंगी नजर आई। एक तरफ मंच पर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को विधायक शैलेंद्र इंजीनियर ने चांदी का मुकुट पहनाकर राजसी सम्मान दिया, तो वहीं दूसरी ओर भीड़ के बीच से निकली आवाज़ों ने सत्ता की चकाचौंध में जमीनी हकीकत की दस्तक दे दी। सभा के पश्चात बिहपुर प्रखंड के त्रिमुहान घाट (कोशी नदी) पर पीपा पुल के नवनिर्माण का कार्यारंभ भी किया। उन्होंने इस मौके पर कहा इस पुल का त्वरित गति से गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कराया जाएगा। एनडीए सरकार लगातार पथ और पुल निर्माण के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
मैदान नहीं तो वोट नहीं! – यह नारा उस वक्त हवा में गूंजा जब कुछ स्थानीय युवक हाथों में पोस्टर लिए सभा स्थल में पहुंच गए। शांत माहौल में आई इस उबाल ने सभा को कुछ देर के लिए राजनीतिक से जन-आंदोलन का रूप दे दिया। मंच से सम्राट चौधरी ने युवाओं के तेवर देखे तो तुरंत प्रतिक्रिया दी – सरकार जनता की हर समस्या को गंभीरता से ले रही है, खिलाड़ियों के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
राजनीति और राजतिलक साथ-साथ
जनसभा का माहौल उस वक्त दरबारी रंग में रंग गया जब बिहपुर विधायक ई शैलेंद्र ने उपमुख्यमंत्री को चांदी का मुकुट पहनाया। कैमरे चमके, तालियां बजीं और सोशल मीडिया पर राजतिलक जैसे शब्दों के साथ तस्वीरें तैरने लगीं।
अपने भाषण में सम्राट चौधरी ने सरकार की विकास गाथा गिनाई – भागलपुर से पटना अब सिर्फ तीन घंटे, पटना से मुजफ्फरपुर अब मात्र एक घंटे… लेकिन जिन युवाओं के पोस्टर हवा में लहराए, उन्होंने बता दिया कि सड़कें कम और मैदान ज्यादा ज़रूरी हैं।
खगड़िया से पूर्णिया तक फोरलेन, लेकिन खेल का मैदान अब भी सपना
डिप्टी सीएम ने फोरलेन परियोजना, कानून व्यवस्था और 10 लाख नौकरियों के वादे का ज़िक्र करते हुए दावा किया कि नीतीश सरकार ने वादे निभाए हैं। लेकिन युवाओं के चेहरों पर सवाल था – क्या हमारे लिए भी कोई स्कीम है, मैदान के अलावा कुछ और चाहिए भी नहीं।
Z+ सुरक्षा, लेकिन जनता की आवाज़ ने तोड़ी चुप्पी
सभा से पहले जिला प्रशासन अलर्ट मोड में था। Z+ सुरक्षा, CRPF की तैनाती, रूट डायवर्जन और एंबुलेंस स्टैंडबाय… हर चीज़ थी—but फिर भी जनता की आवाज़ सभा के बीच पहुंची और मंच से जवाब मिला।



