नेतृत्व एवं सूक्ष्म उद्यमिता विकास’ पर आयोजित कार्यशाला में बड़ी संख्या में महिलाओं ने लिया भाग
खूंटी: महिलाओं और युवतियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से सोमवार को रॉयल होटल, हुलहुंडू में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन लोक स्वर संस्था, रांची एवं वर्क फॉर डिग्निटी, मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यशाला का मुख्य विषय था – “स्थानीय खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों में नेतृत्व एवं सूक्ष्म उद्यमिता विकास”। इसमें खूँटी प्रखंड के लगभग 40 महिलाओं और लड़कियों ने भाग लिया। इनमें दुंगरा, डंडोल, सिल्दा और मुंडा चलगी गाँव की प्रतिभागी विशेष रूप से शामिल थीं।
लोक स्वर की सचिव शालिनी सम्वेदना ने स्वागत एवं परिचय सत्र का संचालन किया। इसके बाद कार्यक्रम समन्वयक गुंजन बेड़िया ने पावर पॉइंट प्रेज़ेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से एंटरप्राइज प्लान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के उपरांत जल्द ही स्थानीय स्तर पर सरसों तेल निकालने की इकाई, मडुआ (मिलेट) से बने मिठाई और नमकीन, चाउमिन उत्पादन इकाई तथा अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयाँ शुरू की जाएंगी।
वक्ताओं ने कहा कि इस परियोजना का मूल उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, आर्थिक असमानता को कम करना और उनमें नेतृत्व गुण विकसित करना है।
कार्यक्रम में फील्ड कोऑर्डिनेटर सुमन कुमारी एवं सनिचरिया कुमारी सहित लोक स्वर टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। ग्रामीण प्रतिभागियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस अवसर प्राप्त होंगे।



