नेमरा में उमड़ा जनसैलाब, जननायक शिबू सोरेन को दी भावभीनी श्रद्धांजलि,यूपी से सांसद चंद्रशेखर आजाद भी नेमरा पहुंचे

रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सातवें दिन के श्राद्धकर्म पर सोमवार को नेमरा गांव में श्रद्धांजलि देने वालों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही राज्य के कोने-कोने से लोग उनके पैतृक आवास पहुंचते रहे। हर कोई गुरुजी की तस्वीर के सामने नतमस्तक होकर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन कर रहा था।

वहीं उत्तर प्रदेश के नगीना लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेमरा स्थित पैतृक आवास पहुंचकर स्मृति-शेष पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही सीएम हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।

प्रदेश के अन्य जिले से आए लोगों ने भी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के साथ मुलाकात कर लोगों ने अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान राज्य के मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, जनप्रतिनिधि और अनेक गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे।

लोगों ने गुरुजी के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में उनका संघर्ष और नेतृत्व अतुलनीय था। उन्होंने अपना पूरा जीवन आदिवासी, गरीब, दलित, शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्ग के अधिकारों और सम्मान के लिए समर्पित कर दिया।

गुरुजी का आदर्श, त्याग और संघर्ष की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी। न केवल झारखंड, बल्कि पूरा देश उन्हें हमेशा एक सच्चे जननायक के रूप में याद रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *