स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी 21 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस भवन में लगायेंगे जनता दरबार

रांची : झारखण्ड की जनता के बीच पार्टी संगठन की पकड़ और मजबूती के लिए कांग्रेस ने अपनी कवायद तेज कर दी है.इसी कड़ी में हेमंत सोरेन सरकार में कांग्रेस कोटे से स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी 21 जुलाई सोमवार को कांग्रेस भवन में जनता दरबार लगायेंगे.  

दरबार में मंत्री आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान का प्रयास करेंगे। यह कार्यक्रम झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि कांग्रेस पार्टी आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को यह दरबार आयोजित कर रही है। इस क्रम में इस सोमवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी स्वयं जनता की शिकायतों को सुनेंगे। दरबार में आने वाले लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी समस्या से संबंधित आवेदन पत्र और सभी आवश्यक दस्तावेजों को पहले से जमा करें, जिससे उनकी शिकायतों को समय पर दर्ज किया जा सके और उन पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

जनता दरबार में स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के अलावा अन्य आवश्यक विषयों पर भी चर्चा की जा सकती है, लेकिन प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की व्यवस्था, इलाज में हो रही समस्याएं, डॉक्टरों की अनुपलब्धता, दवाओं की कमी जैसे मामलों को दी जाएगी। यह जनता दरबार एक ऐसा मंच है, जहां आम लोग बिना किसी बिचौलिए के सीधे मंत्री से अपनी बात कह सकते हैं।

डॉ. इरफान अंसारी पहले भी कई बार जनता दरबार के जरिए लोगों की समस्याओं का समाधान कर चुके हैं। ऐसे कार्यक्रमों से सरकार और जनता के बीच संवाद बढ़ता है और प्रशासनिक तंत्र अधिक संवेदनशील बनता है। जनता दरबार में भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *