जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में राशन वितरण, धान अधिप्राप्ति सहित कई विषयों पर चर्चा
खूंटी: उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में राशन आपूर्ति, राशन वितरण, आधार सीडिंग, धान अधिप्राप्ति, ई केवाईसी, लैप्स पैक्स समेत आपूर्ति विभाग अंतर्गत अन्य महत्वपूर्ण विषयों की गहन समीक्षा की गई।
एनएफएसए एवं जेएसएफएसएस योजना के तहत विभिन्न श्रेणी के राशन कार्डधारियों की उपायुक्त ने जानकारी लेते हुए लाभुकों को किए जा रहे राशन वितरण की समीक्षा कर सभी पीडीएस डीलरों को समय पर राशन का उठाव करने एवं ससमय लाभुकों को राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पीडीएस दुकानों का नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए, जिससे पात्र लाभुकों को समय पर एवं निर्धारित मात्रा में राशन प्राप्त हो सके।
राशन कार्ड में आधार एवं मोबाइल नंबर सीडिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। पीडीएस डीलरों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर अगले 10 दिनों में शत प्रतिशत राशनकार्डधारी लाभुकों का अनिवार्य रूप से ई केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कहा कि जिले में समय पर धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। खरीदे गए धान का समय पर उठाव हो एवं किसानों को ससमय भुगतान सुनिश्चित हो। वहीं जिले में PVTG परिवारों को डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे राशन की भी समीक्षा कर उपायुक्त ने आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अलावा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविका के माध्यम से ससमय राशन का उठाव करने के निर्देश दिए गए, साथ हीं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मेनू अनुसार भोजन उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए गए।
इस बैठक में मुख्य रूप से जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



