रिज़ल्ट में गड़बड़ी को लेकर छात्र परिषद ने की परीक्षा नियंत्रक से मुलाक़ात, अविलंब सुधार की मांग

भागलपुर। मारवाड़ी कॉलेज, भागलपुर में सत्र 2024–2028 के प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में अनियमितताओं को लेकर छात्र-छात्राओं में भारी आक्रोश देखा गया। बुधवार को सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर परीक्षा नियंत्रक से मुलाक़ात की और परिणाम में सुधार की मांग उठाई।

छात्रों का आरोप है कि इंटरनल परीक्षा में उन्हें आधे या एक अंक से फेल कर दिया गया है, जो न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि मानसिक तनाव का कारण भी बन रहा है। कई छात्राओं को परीक्षा देने के बावजूद ‘अनुपस्थित’ दर्शाया गया है, जिससे उनका परिणाम लंबित कर दिया गया है।

छात्रों की समस्याएं सुनने के बाद परीक्षा नियंत्रक ने कॉलेज प्राचार्य को निर्देश दिया कि वे सभी शिकायतों को गंभीरता से लें और छात्रों से आवेदन प्राप्त कर मामलों की निष्पक्ष जांच करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

छात्र परिषद के उपाध्यक्ष पीयूष भारती और शिवम तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदेश सह मंत्री कुणाल पांडेय ने भी प्रशासन से अपील की कि छात्रों को अविलंब राहत दी जाए और परीक्षा परिणाम में शीघ्र आवश्यक सुधार किए जाएं।

इस दौरान जिला संयोजक सूर्य प्रताप, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ऋषि महतो, आनंद राज, अंकेश, रॉबिन, आयुष, आशीष सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *