अंतरराष्टीय व्यापारिक टूर पर वियतनाम पहुंचे झारखंड चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि,फॉरेन इन्वेस्टेड इंटरप्राइजेज के साथ हुई बैठक

रांची : अंतरराष्टीय व्यापरिक टूर पर झारखंड चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल वियतनाम पहुंचे। वहाँ पर बुधवार को वियतनाम की राजधानी हनोई में वियतनाम एसोसिएशन ऑफ़ फॉरेन इन्वेस्टेड इंटरप्राइजेज के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई। झारखंड में विदेशी निवेश को आकर्षित करने पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच झारखंड के प्राथमिक क्षेत्रों यथा खनिज, कृषि-प्रसंस्करण, मैन्युफैक्चरिंग, एनर्जी और टूरिज्म क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके साथ ही, आपसी हितों एवं संभावित विकास के क्षेत्रों की पहचान करने और सहयोग को सुदृढ़ करने के तरीकों पर विचार किया गया। प्रतिनिधिमंडल द्वारा झारखंड की आर्थिक क्षमता, संसाधनों और निवेश अनुकूल वातावरण की जानकारी साझा की गई जिसे वेफी के अधिकारियों ने सराहा। बैठक के अंत में दोनों संगठनों ने विस्तृत प्रस्तावों के आदान-प्रदान और भविष्य में सहयोग को औपचारिक रूप देने हेतु एक समझौता ज्ञापन तैयार करने की सहमति बनी।

चैम्बर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि यह बैठक झारखंड के लिए वैश्विक व्यापारिक मंचों से जुड़ने और अंतर्राष्ट्रीय निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। हमें विश्वास है कि यह साझेदारी राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति देगी। वेफी के चेयरमैन डॉ गुयेन एन त्वां ने भी भारत के साथ साझेदारी को लेकर उत्साह प्रकट किया और द्विपक्षीय व्यापार के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जताई। महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखण्ड चैम्बर की यह पहल न केवल झारखंड के आर्थिक विकास को गति देने में सहायक सिद्ध होगी बल्कि भारत-वियतनाम द्विपक्षीय संबंधों को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

बैठक में सचिव विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, शैलेष अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा, रंजीत गाडोदिया, सदस्य कमल सिंघानिया, निरंजन शर्मा, अरूण भरतीया, मनोज मिश्रा, चंद्रप्रकाश ढेलिया, राजीव अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास मोदी, विशाल वधवानी, ग्यारसीलाल गोयल, सुभाष राजगढिया और सुमित कक्कड के अलावा वेफी के वाइस चेयरमैन गुयेन नोइ, होआंग कवंग, गुयेन गोक, ट्रांक्वोक लैम,  ट्रांवन हियेन, गुयेन हु डोंग, गुयेन वेन टोन, वूतीथू हुयांगम, जनरल सेक्रेटरी हाबा तुयान, डिप्टी सेक्रेटरी जनरल गुयेन थी मिन्ह शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *