गौतम सिंह बने थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव

रांची: झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के उपाध्यक्ष एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय थ्रोबॉल खिलाड़ी गौतम सिंह को थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया का महासचिव निर्वाचित किया गया है। यह घोषणा 30 मार्च 2025 को भिलाई के कीरत रिसॉर्ट में आयोजित फेडरेशन की वार्षिक आम सभा में की गई। इस अवसर पर पूर्व महासचिव रमन साहनी को भी निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। गौतम सिंह के महासचिव बनने से झारखंड के थ्रोबॉल खेल जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई है।

गौतम सिंह ने अपनी खेल यात्रा की शुरुआत एक राज्य स्तरीय खिलाड़ी के रूप में की और अपने कठिन परिश्रम एवं समर्पण से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वे झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के पदाधिकारी सचिव भी रहे और अब देश के थ्रोबॉल की राष्ट्रीय संस्था में महासचिव के रूप में अपनी सेवाएँ देंगे। इस पद तक पहुँचने के सफर में उन्होंने कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन खेल के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और संघर्ष ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।

थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव निर्वाचित होने के बाद रांची पहुंचकर गौतम सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव के रूप में निर्वाचित होना मेरे लिए अत्यंत गर्व और जिम्मेदारी का क्षण है। यह केवल एक पद नहीं, बल्कि खेल और खिलाड़ियों की उन्नति के लिए कार्य करने का एक बड़ा अवसर है। मैं अपने अनुभव और मेहनत से थ्रोबॉल खेल को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास करूंगा। मैं इस उपलब्धि को अपने थ्रोबॉल खेल के अभिभावक सह वर्तमान अध्यक्ष रमन साहनी जी, झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, प्रशिक्षकों, सहखिलाड़ियों, पदाधिकारियों और झारखंड के खेल प्रेमियों को समर्पित करता हूँ, जिनका सहयोग और समर्थन हमेशा मेरे साथ रहा है।

इस उपलब्धि पर झारखंड के कई खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने गौतम सिंह को हार्दिक बधाई दी, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. राजेश गुप्ता, भरत कांशी, जमील अंसारी, सुनील चक्रवर्ती, आलोक दुबे, विजेता वर्मा, वेदांत कौस्तव, शंकर दुबे, शिव शंकर पांडे, नगीना कुमार, सोनू सिंह, देवव्रत कुमार, मनीष शाहदेव, कीर्ति कुमार, गौरव सिंह, नीरज वर्मा, नीतीश सिंह, राकेश कुमार, विवेक कुमार, विश्वजीत कुमार, क्वीन ठाकुर, अभिषेक शुक्ला, अभिषेक झा, सुकांता कुंडू, सुनीता महतो, रणधीर ज्वाला, अमित कुमार, अरुणा यादव, रवि सिंह, अवधेश ठाकुर, अन्नू यादव, सरस्वती, जेबा, तमन्ना, शायरा, अंशुमन और अजित जयसवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हैं।

झारखंड के लिए यह एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है, और समस्त खेल समुदाय को उम्मीद है कि गौतम सिंह के नेतृत्व में थ्रोबॉल खेल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *