किसान अवैध अफीम की खेती को छोड़े,प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा: डीसी
खूंटी: जिले में अवैध अफीम की खेती के दुष्प्रभावों पर अंकुश लगाने, जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे अफीम विनष्टीकरण कार्य में सहयोग सुनिश्चित करने तथा किसानों को वैकल्पिक खेती की ओर प्रेरित करने हेतु मंगलवार को अड़की प्रखंड कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने की, जिसमें सभी पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधि, जैसे मुखिया, ग्राम प्रधान, प्रखंड प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य आदि उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप परियोजना निदेशक आत्मा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे। बैठक में उप परियोजना निदेशक आत्मा द्वारा वैकल्पिक खेती को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए ड्रैगन फ्रूट, टमाटर, बैंगन समेत अन्य फसलों की खेती को अपनाने पर जोर दिया गया, जिससे किसान अच्छा मुनाफा कमा सकें।
उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर ग्राम सभाओं का आयोजन कर क्षेत्र के अनुसार वैकल्पिक खेती की योजनाएँ तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि वे अवैध अफीम की खेती छोड़कर लाभकारी एवं वैध कृषि कार्यों से अपनी आय बढ़ा सकें।
मौके पर किसानों को वैकल्पिक खेती की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा मूंग बीज समेत अन्य बीजों का वितरण किया गया। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें वैध एवं लाभकारी कृषि कार्यों से जोड़ने के लिए यह पहल की गई है।
बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अवैध खेती रोकने एवं वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

