19 से 24 दिसंबर तक “सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर” अभियान का होगा आयोजन

खूँटी: “सुशासन सप्ताह – प्रशासन गांव की ओर” 2024 अभियान का आयोजन 19 से 24 दिसंबर तक सभी प्रखंड में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन को बढ़ावा देना और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आम जनता तक पहुँचाना है। साथ हीं 23 दिसंबर को जिला स्तरीय कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम को लेकर आज प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी ने अपने अपने प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को इस अभियान के उद्देश्यों, लाभों और सहभागिता की जानकारी दी गई। जागरूकता अभियान के तहत प्रमुख पंचायतों और गांवों में बैठकें आयोजित की गईं, जिसमें ग्रामवासियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनके लाभ उठाने के तरीकों के बारे में बताया गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि “सुशासन सप्ताह” का मुख्य उद्देश्य सरकार और जनता के बीच एक सेतु का निर्माण करना है, जिससे जनसेवाओं की सुगमता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने अधिकारों व सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।

अंचल अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान स्थानीय प्रशासन द्वारा ग्राम स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं का निपटारा किया जाएगा। यह अभियान सुशासन को जमीनी स्तर तक पहुँचाने और पारदर्शी एवं प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला स्तर एवं प्रखंड स्तर पर आवेदनों का निष्पादन शत प्रतिशत सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *