बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन

बोकारो : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ एवं विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 22 अक्टूबर को मंडल रेल प्रबंधक/आद्रा, श्री मुकेश गुप्ता की अध्यक्षता में बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक/आद्रा, श्री मुकेश गुप्ता ने यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित किया तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, यात्री सुविधाओं एवं रेलवे सेवाओं से संबंधित उनके सुझाव एवं प्रतिक्रियाएँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को आद्रा मंडल द्वारा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों, मंडल की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों तथा वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास क्षेत्र तथा अन्य यात्री सुविधा क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही, स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा यात्रियों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।इसके अतिरिक्त, मंडल रेल प्रबंधक/आद्रा मुकेश गुप्ता सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान में भाग लिया और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से यात्रियों एवं रेलकर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया गया।‘रेल जन संवाद’ के दौरान यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रियों से प्राप्त सुझाव एवं प्रतिक्रियाएँ रेलवे सेवाओं में सुधार तथा यात्री सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होंगी। साथ ही, यात्रियों को डिजिटल रेल सेवाओं का लाभ उठाने तथा विशेष रूप से Rail-One App का अधिकाधिक उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में आद्रा मंडल के सभी स्टेशनों पर भी स्वच्छता संबंधी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के दौरान स्टेशन परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा यात्रियों को स्वच्छता संबंधी पहलों, मंडल की उपलब्धियों और वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों से अवगत कराया गया।आद्रा मंडल यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा यात्रियों की सहभागिता से रेलवे सेवाओं में निरंतर सुधार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *