रांची विश्वविद्यालय की छात्रा फलक फातिमा को पासवा ने गौरव सम्मान से किया सम्मानित
रांची : राष्ट्रपति पुरस्कार से पुरस्कृत एनएसएस रांची विश्वविद्यालय की छात्रा सुश्री फलक फातिमा को पासवा ने बुधवार को राज्य गौरव सम्मान से सम्मानित किया। ज्ञातव्य है कि रांची विश्वविद्यालय की छात्रा को पहली बार देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू ने 24 सितम्बर को उत्कृष्ट कार्यों के लिए नई दिल्ली राष्ट्रपति भवन में मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया था।फलक फातिमा एनएसएस स्वयंसेवक के साथ साथ पासवा की सक्रिय सदस्य भी हैं। वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने फलक फातिमा को राज्य गौरव सम्मान से सम्मानित किया एवं मोमेंटो देकर आशीर्वाद प्रदान किया, जबकि पासवा प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने मेडल दिया,लाल किशोर नाथ शाहदेव ने अंग वस्त्र जबकि डा.राजेश गुप्ता छोटू ने बुके देकर फलक फातिमा को सम्मानित किया।डा.रामेश्वर उरांव ने फलक फातिमा को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी एवं कहा कि फलक फातिमा ने झारखण्ड का मान बढ़ाया है।एवं साथ ही साथ एनएसएस के सहयोगी स्वाति कुमारी,फिजा नसीम,संदीप कुमार राणा, रोहित कुमार गुप्ता को भी वित्त मंत्री ने बेस्ट स्टुडेंट अवार्ड से सम्मानित किया।
वित्त मंत्री ने इस मौके पर आलोक बिपीन टोप्पो, अरविंद कुमार,संजय प्रसाद, अल्ताफ अंसारी, कैलाश कुमार महतो,अमीन अंसारी को शिक्षक गौरव सम्मान समारोह से सम्मानित किया।
पासवा द्वारा झारखंड विधानसभागार में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सुश्री फलक फातिमा ने कहा कि राज्य वासियों के इस सम्मान से मैं अभिभूत हूॅं, मैं राज्य का मान और गौरव बढ़ाने का प्रयास जारी रखूंगी।
पासवा प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि सुश्री फलक फातिमा बच्चों के लिए एक मॉडल बन गई हैं,प्रखंड जिला, राज्य, राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर राष्ट्रपति पुरस्कार तक पहुंचना गौरव की बात है।