जिला स्कूल मैदान में दिखेगा वाराणसी के स्वर्वेद महा मंदिर का स्वरूप

रांची: राजधानी रांची के जिला स्कूल मैदान परिसर में इस वर्ष दुर्गा पूजा को लेकर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कार्य जोर-शोर से चल रहा है। श्रीराम लला पूजा समिति की ओर से करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इस बार पंडाल को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित स्वर्वेद महा मंदिर का स्वरूप दिया जा रहा है। पंडाल के निर्माण में बंगाल से आए 100 से अधिक कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। समिति को उम्मीद है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी और सचिव कुणाल आजमानी ने बताया कि समिति पिछले 28 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही है। हर वर्ष श्रद्धालुओं के लिए कुछ नया और आकर्षक प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष वाराणसी के स्वर्वेद महा मंदिर की प्रतिकृति तैयार की जा रही है। पूजा पंडाल का उद्घाटन 14 अक्टूबर को विज्ञान देव महाराज द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में पूजा पंडाल में अयोध्या के राम मंदिर का प्रारूप तैयार किया गया था, जिसे झारखंड के साथ बिहार, बंगाल और छत्तीसगढ़ के लोगों ने खूब पसंद किया था। पिछले वर्ष गुजरात के भुज स्थित मंदिर का प्रारूप बनाया गया था। इन पंडालों को देखने के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचे थे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को और आकर्षक बनाने की तैयारी है। 25 सितंबर तक पंडाल का काफी हिस्सा तैयार हो जाने की उम्मीद है। परिसर में फूड स्टॉल के लिए हैंगर भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा करीब 20 से 22 तरह के झूले और बच्चों के लिए विशेष आकर्षण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में कुछ चुनौतियां हैं, लेकिन जिला प्रशासन का सहयोग मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *