नाबालिग दुष्कर्म मामले में 3 वर्ष से फरार पूर्व विधायक अरूण यादव का सरेंडर
मुकेश सिंह जैतेश
भोजपुर:चर्चित नाबालिग दुष्कर्म मामले में भोजपुर के संदेश विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राजद विधायक अरुण यादव ने आरा व्यवहार न्यायालय में सरेंडर कर दिया है।न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के बाद अरुण यादव ने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए खुद को साजिश का शिकार बताया।संदेश के पूर्व राजद विधायक के खिलाफ 18 जुलाई 2019 को आरा में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था।उल्लेखनीय है कि पटना में सेक्स रैकेट चला रहे लोगों के पास से नाबालिग लड़की भागकर आरा पहुंची थी और पूर्व विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।इस मामले में नगर थाना ने पूर्व राजद विधायक पर पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।गौरतलब है कि पीड़िता के बयान पर पहले अमरेश कुमार और संजय कुमार को आरोपी बनाया था।वहीं, दूसरे बयान पर संदेश के पूर्व विधायक अरुण यादव को आरोपी बनाया गया था।तबसे अब तक पूर्व राजद विधायक फरार चल रहे थे।हालांकि इस मामले को लेकर न्यायालय ने कुर्की जब्ती का भी आदेश दिया था।
अरुण यादव ने 2015 में संदेश विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ा और भारी मतों से विजय हासिल किया।सूत्र बताते हैं कि आरजेडी में अरुण यादव की अच्छी पकड़ थी, जिस वजह से आरोप लगने के बाद भी राजद ने किसी और को टिकट देना मुनासिब नहीं समझा। 2020 में खुद चुनाव ना लड़कर अपनी पत्नी किरण देवी को उन्होंने इस चुनावी मैदान में उतार दिया, जिन्होंने भारी मतों से विजय भी हासिल की।हालांकि अरुण यादव पर और भी कई संगीन मामले दर्ज हैं।बहरहाल नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में अरुण यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।