गुरु के बताए मार्ग पर चलने और अनुशासन से ही जीवन में सुख-शांति संभव : स्वामी निर्भयानंद पुरी

रांची : श्री अद्वैत स्वरूप संन्यास आश्रम परमपुरी धाम की रांची संगत शाखा की ओर से आयोजित त्रिदिवसीय सत्संग समारोह के दूसरे दिन शनिवार को भजन-कीर्तन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। संध्या छह बजे आयोजित भजन संध्या में दिल्ली से आए प्रसिद्ध भजन गायक जितेंद्र वत्स ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इसके बाद अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर स्वामी निर्भयानंद पुरी (पूज्या माताजी) के मंचासीन होने पर सद्गुरुदेव भगवान की आरती और माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम का संचालन डीके सिंह ने किया। दिल्ली से आए आचार्य प्रेम नारायण शास्त्री, स्वामी ज्ञानसेवानंद पुरी और परमपुरी धाम से आए स्वामी पुन्यानंद पुरी ने भक्ति के महत्व, गुरु सेवा और सुमिरन पर प्रवचन दिया।

अपने संबोधन में स्वामी निर्भयानंद पुरी ने कहा कि भक्ति में अनुशासन और शास्त्र सम्मत मार्ग का पालन जरूरी है। इष्ट के प्रति अटूट विश्वास, दृढ़ संकल्प और गुरु के बताए मार्ग पर चलने से बड़े से बड़ा संकट भी छोटा हो जाता है। उन्होंने भक्त प्रह्लाद का उदाहरण देते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उनकी नारायण के प्रति श्रद्धा और विश्वास डिगा नहीं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को गुरु वचनों का पालन करते हुए अनुशासित जीवन जीना चाहिए।

सत्संग समारोह का समापन रविवार को मेकॉन नर्सरी, श्यामली कॉलोनी में होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक सत्संग आयोजित होगा। इसके बाद महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से संत दर्शन, सत्संग और महाभंडारे में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *