सीएम हेमंत सोरेन ने 3,044 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में प्रशिक्षित युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक राज्य के 3,044 युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। वहीं, नवंबर और दिसंबर में करीब 1,500 अन्य युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।
ये कार्यक्रम अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की विशेष प्रयोजन वाहिनी प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं। समारोह में मंत्री चमरा लिंडा और हफीजुल हसन सहित विभिन्न जिलों के करीब 300 चयनित युवक-युवतियां शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रही है। आज का दौर प्रतिस्पर्धा का है। केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास हुनर और व्यावहारिक कौशल होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस युवा के पास कौशल होगा, वही आगे बढ़ सकेगा और अपने पैरों पर खड़ा हो पाएगा। मुख्यमंत्री ने विदेशों में नौकरी कर रहे झारखंड के युवाओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत कर उनके अनुभव भी जाना।
उन्होंने एचईसी का उदाहरण देते हुए कहा कि समय के साथ खुद को बदलना जरूरी है। कभी एचईसी ने देश के कई उद्योगों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, लेकिन समय के अनुरूप बदलाव नहीं कर पाने के कारण आज उसकी स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक एक लाख से अधिक हुनरमंद युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में पुरुष नर्सों की मांग को देखते हुए राज्य में पुरुषों के लिए भी नर्सिंग प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है।
कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा ने बताया कि दुमका में मेल नर्सिंग कॉलेज शुरू करने की तैयारी है। वहीं, प्रेझा फाउंडेशन के अध्यक्ष टी.वी. नरेंद्रन ने प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाने के लिए सरकार से सहयोग मांगा। समारोह में आईआईटी मद्रास और टीवीएस के साथ दो एमओयू भी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *