108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल खत्म, सभी मांगों पर बनी सहमति

रांची : झारखंड में पिछले पांच दिनों से जारी 108 एम्बुलेंस कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार देर शाम समाप्त हो गई। राज्य सरकार और संघ के प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सहमति बनने के बाद हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की ओर से मांगों के क्रियान्वयन को लेकर आदेश भी जारी किए गए हैं।
वार्ता में निर्णय लिया गया कि वर्तमान एम्बुलेंस संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन को दो महीने के भीतर हटाया जाएगा। नई कंपनी के चयन के बाद 22 अक्टूबर 2026 को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव और संघ के बीच हुए समझौते को लागू किया जाएगा। इसके तहत कर्मचारियों की मनमानी बर्खास्तगी पर रोक लगेगी। किसी भी शिकायत की जांच एनएचएम, संबंधित जिले के सिविल सर्जन और कर्मचारी संघ की सहभागिता में होगी।
वेतन भुगतान में पारदर्शिता के लिए एस्क्रो अकाउंट बनाया जाएगा। एम्बुलेंस खराब रहने या केस नहीं मिलने की स्थिति में कर्मचारियों के वेतन में कटौती नहीं होगी। कर्मचारियों को समय पर वेतन, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, अवकाश, जीवन बीमा और बोनस जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। सभी एम्बुलेंस में बायोमेट्रिक डिवाइस लगाए जाएंगे। नई बहाली के लिए एनएचएम की अनुमति अनिवार्य होगी।
इसके अलावा फरवरी 2025 से अब तक वेतन और ईपीएफ-ईएसआईसी में की गई कटौती की जांच कर 30 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान किया जाएगा। दो महीने का बकाया वेतन 48 घंटे के भीतर देने पर भी सहमति बनी है। नई कंपनी के चयन में वर्तमान कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
संघ ने मांगों पर सहमति और आदेश जारी होने के बाद हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। कर्मचारियों ने सरकार, स्वास्थ्य विभाग, मीडिया, भारतीय मजदूर संघ और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
वार्ता में एनएचएम के प्रशासी पदाधिकारी केवल कृष्ण अग्रवाल, डॉ. राजीव प्रसाद, डॉ. अरविंद कुमार सहित विभागीय अधिकारी, सम्मान फाउंडेशन के प्रतिनिधि, भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी और एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *