चार माह की योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, मांगलिक कार्यों का होगा शुभारंभ
रांची : विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग एवं श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि सनातन हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी, प्रबोधिनी एकादशी और देवउठनी ग्यारस के नाम से भी जाना जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व भगवान विष्णु को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों का शुभारंभ माना जाता है।इस वर्ष देवउठनी एकादशी 20 नवंबर दिन शुक्रवार को मनाई जाएगी। इस दिन श्रद्धालु प्रातःकाल स्नान कर भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करते हैं। घरों और मंदिरों में दीप जलाए जाते हैं तथा भगवान विष्णु को फल, फूल, तुलसी दल, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित किया जाता है।पौराणिक मान्यता के अनुसार आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागृत होते हैं। इन चार महीनों को चातुर्मास कहा जाता है। इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश तथा अन्य शुभ मांगलिक कार्य परंपरागत रूप से स्थगित रखे जाते हैं। देवउठनी एकादशी के साथ ही मांगलिक कार्यों का मार्ग प्रशस्त होता है। यह पर्व जीवन में नई शुरुआत, सकारात्मकता, धर्म, संयम और भक्ति का संदेश देता है।पौराणिक कथा के अनुसार एक बार भगवान विष्णु ने राजा बलि को उनके दान और भक्ति से प्रसन्न होकर पाताल लोक में रहने का वरदान दिया था। साथ ही वे स्वयं भी राजा बलि के द्वारपाल बन गए। माता लक्ष्मी ने भगवान विष्णु को वापस लाने के लिए एक उपाय किया। वे राजा बलि के पास पहुंचीं और उन्हें अपना भाई बनाकर रक्षा सूत्र बांधा। राजा बलि ने उपहार मांगने को कहा तो माता लक्ष्मी ने भगवान विष्णु को अपने साथ ले जाने का वरदान मांगा। राजा बलि ने अपनी प्रतिज्ञा निभाते हुए भगवान विष्णु को मुक्त कर दिया। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु पुनः अपने धाम लौटे और जागृत हुए। इस दिन श्रद्धालु उपवास रखकर भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप, विष्णु सहस्रनाम का पाठ, भजन-कीर्तन तथा दान-पुण्य करते हैं। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक व्रत एवं पूजन करने से सुख-समृद्धि, शांति और पुण्य की प्राप्ति होती है। देवउठनी एकादशी हमें सिखाती है कि जीवन में आस्था, सेवा, सदाचार और सकारात्मक विचारों का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु के जागरण का यह पर्व समाज को धर्म, कर्तव्य, पारिवारिक एकता और मंगलमय जीवन की प्रेरणा देता है।


