छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब,अस्ताचलगामी सूर्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ महापर्व संपन्न
खूँटी: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर खूँटी शहर के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धा और भक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिली। रविवार को सुबह से ही व्रतधारियों के परिजन घाटों पर पहुँचकर स्थान सुरक्षित करने लगे। संध्या को ब्रतधारियों ने खूंटी के राजा तालाब, साव तालाब, चौधरी तालाब और तजना नदी घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे। मुरहू के छठ घाट, पंचघाघ जलप्रपात,कुंजला,बनई नदी सहित तोरपा, कर्रा, रनिया आदि प्रखंडों में ब्रतियो ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्ध्य दिया। सोमवार को भोर में ही सभी घाटों पर छठ व्रतधारियों ने कमर भर पानी में खड़े होकर छठी माता की स्तुति की, भगवान सूर्य के उदय होते ही बाँस के सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य प्रसाद सजाकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की होड़ शुरू हो गई। जैसे ही सूर्य की पहली किरण पानी पर पड़ी, पूरा घाट “जय छठी मैया” के जयकारों से गूँज उठा, लोगों ने भगवान सूर्य को गंगा जल,दूध और जल से अर्घ्य देकर कार्यक्रम को हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न किया। समाजसेवी डॉ धर्मेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि घाटों को फूल-माला, केले के पत्ते और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। छठ गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया था।व्रतधारियों ने सूर्यदेव और छठी मैया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और देश की खुशहाली की कामना की। प्रशासन की व्यवस्था भी चुस्त-दुरुस्त रही।पूरे जिले में छठ पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।



