सावन की 7वीं सोमवारी पर आम्रेश्वर धाम में 55,000 शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक

खूंटी: पावन सावन महीने की 7वीं  सोमवारी को  शिवालय  का पट खुलते  ही आम्रेश्वर धाम परिसर  हर-हर महादेव एवं बोल बम  के जयघोष से गुंज उठा। प्रबंधन समिति,आम्रेश्वर धाम के सौजन्य के अनुसार सोमवार को लगभग 55,000 श्रद्धालुओं ने आम्रेश्वर धाम में जलाभिषेक किया। 150 श्रद्धालुओं द्वारा शीघ्र दर्शनम्  के तहत  भोले शंकर का  जलाभिषेक किया गया।
जलाभिषेक के लिए धाम परिसर में प्रातः तीन बजे से ही महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग लंबी कतार लग गई थी।  मंदिर का पट खुलते ही आम्रेश्वर धाम परिसर हर-हर महादेव एवं बोल बम के नारों से गुंजायमान हो उठा।
आम्रेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए मुख्य पथ सहित संपर्क मार्गों  से होकर श्रद्धालु पैदल एवं वाहनों में सवार होकर बनई नदी के तट पर पहुंचे और नदी का जल लेकर  लगभग चार किलो मीटर पैदल एवं वाहनों से आम्रेश्वर धाम पहुंचकर भोले शंकर का जलार्पण  किया। साथ ही धाम परिसर के अन्य मंदिरों में पूजा-अर्चना की।
सोमवार को अपराह्न 3 बजे बड़गाईं, रांची से 600 शिवभक्त बनई नदी से पवित्र जल लेकर डीजे की धुन पर हर-हर महादेव, बोल बम के उद्धोष के साथ आम्रेश्वर धाम पहुंचे और  भोले नाथ का जलाभिषेक किया। 
बनई नदी से लेकर धाम परिसर व इसके आसपास विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं रोशनी  की व्यवस्था गई थी। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस  सक्रिय रही। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं  महिला-पुरुष पुलिस बल के जवान अपनी ड्यूटी पर मुश्तैद रहे। शिवभक्तों की भीड़  के मद्देनजर एनसीसी कैडेट भी शांति पूर्ण जलाभिषेक कराने हेतु सक्रिय थे। प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं  वोलेंटियर जलाभिषेक के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने  के लिए तत्परता से अपने कार्य  में लगे थे।  धाम परिसर में लगे सीसी टीवी कैमरे से हर छोटी- बड़ी घटना पर नजर रखी जा रही थी।
दर्शनार्थियों को चिकित्सकीय सुविधा के निमित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं स्थापित हैं। संचालित  खोया- पाया केंद्र के  माध्यम से लोग  बिछुडे परिजन, मित्र एवं खो गये सामानों  को प्राप्त करने की सुविधा  उपलब्ध कराया जा रहा है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खूंटी द्वारा आम्रेश्वर धाम परिसर में आयोजित सूचना सहायता केन्द्र सह प्रदर्शनी शिविर में  पेम्पलेट का वितरण कर सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाएं एवं जिले के  पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जा रही है। संचालित एलईडी वैन के माध्यम से भी जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ विविध पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आज जलार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रदर्शन किया गया।  रविवार की रात भोलेनाथ के श्रृंगार पूजा कार्यक्रम का लाइव प्रदर्शन किया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *