महापौर पद के लिए 10, वार्ड सदस्य पद के लिए 197 अभ्यर्थियों ने दाखिल किया नामांकन

रांची : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत मंगलवार को रांची समाहरणालय एवं बुण्डू अनुमंडल कार्यालय में बनाए गए निर्वाची पदाधिकारियों के कक्षों में नामांकन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई। इस दौरान महापौर, वार्ड सदस्य तथा नगर पंचायत अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
रांची नगर निगम क्षेत्र में महापौर पद के लिए कुल 10 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। नामांकन करने वालों में रमा खलखो, सुनील फकीरा कच्छप, देवी दयाल मुंडा, कथरीना तिर्की, सोनू खलखो, राजेन्द्र मुंडा, सुजाता कच्छप, विनोद कुमार बड़ाईक, संजय कुमार टोप्पो एवं प्रवीण कच्छप शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान समाहरणालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
वहीं रांची नगर निगम के 53 वार्डों के लिए कुल 197 अभ्यर्थियों ने वार्ड सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। इनमें 118 महिलाएं शामिल हैं, जो स्थानीय निकाय चुनाव में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। वार्ड संख्या 34 से सर्वाधिक 16 नामांकन दाखिल किए गए, जबकि वार्ड संख्या 25 से 10 अभ्यर्थियों ने पर्चा भरा। दूसरी ओर, वार्ड संख्या 14 से एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
इधर बुण्डू नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए तीन अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया। साथ ही नगर पंचायत के 13 वार्डों में वार्ड पार्षद पद के लिए भी अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। वार्ड संख्या 2 और 6 से सर्वाधिक तीन-तीन नामांकन दाखिल किए गए, जबकि अन्य वार्डों में एक से दो अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र जमा किए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार नामांकन की आगामी तिथियों में प्रत्याशियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही जिले में नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *