स्वास्थ्य विभाग में आठ हजार पदों पर बहाली, कैबिनेट में 16 एजेंडों को मिली हरी झंडी

गणादेश ब्यूरो
पटना। नीतीश सरकार ने मास्टर स्ट्रोक खेला है। वादे के अनुसार युवाओं के लिए नौकरी के द्वार खोले जा रहे हैं। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में राज्य सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आठ हजार से अधिक पदों पर बहाली के फैसला किया है। बैठक में 16 एजेंडों को स्वीकृति दी गई। कैबिनेट ने नगर निकाय चुनाव के लिए और 62 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। यह राशि आकस्मिकता निधि से ली जाएगी। कैबिनेट के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने बताया की मंत्रिमंडल ने राज्य में बेहतर आपदा प्रबंधन के लिए बिहार आपदा प्रबंधन सेवा शर्त नियमावली 2022 को मंजूरी दी है। जिसके तहत सहायक, उप और आपदा प्रबंधन अफसरों के पद सृजित किये जायेंगे। इन पदों पर बहाली बिहार लोक सेवा आयोग के मार्फत होगी। राज्य की दोनों बिजली वितरण कंपनी को एटी एंड सी लास की भरपाई के लिए 3183 करोड़ रुपए स्वीकृत किये हैं। यह राशि रिजर्व बैंक से सीधे एनटीपीसी के खाते में जाएगी। 12 जिलों में अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या प्लस 2 आवासीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए 556.23 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। यह विद्यायल 12 जिलों कैमूर, सुपौल, पूर्वी चंपारण, सिवान, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, शेखपुरा, गोपालगंज, बेगूसराय, भोजपुर व बक्सर में खोले जाने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *