14 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, परिवार पर टूटा गम का पहाड़
गणादेश,रांची: लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र के समाहरणालय भवन के समीप सोमवार की रात एक दर्दनाक घटना घटित हुई। महज़ 14 वर्ष की उम्र में केंद्रीय विद्यालय के कक्षा 10वीं के छात्र मुसाफिर यादव ने अपने ही कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मासूम उम्र में इस तरह की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
परिजनों ने बताया कि मुसाफिर सोमवार की दोपहर विद्यालय से लौटने के बाद रोज़ की तरह पढ़ाई-लिखाई और होमवर्क में व्यस्त रहा। रात को परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। अगली सुबह जब परिजनों ने उसके कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर का नज़ारा देखकर सबके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। मुसाफिर फंदे से झूल रहा था।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा और जीवन बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस घटना से घर में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। आस-पड़ोस के लोग भी घटना से गहरे सदमे में हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही चल पाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि मुसाफिर पढ़ाई में मेधावी था और हमेशा चुपचाप अपनी पढ़ाई करता था। परिवार में किसी तरह का विवाद भी सामने नहीं आया है। अचानक इस तरह की घटना ने सबको हैरत में डाल दिया है।
मासूम उम्र में आत्महत्या जैसी घटना ने एक बार फिर बच्चों पर बढ़ते मानसिक दबाव, पढ़ाई का तनाव और घर-परिवार में संवाद की कमी जैसे सवालों को खड़ा कर दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।



