फिर से खटाई में पड़ा बोकारो का विस्तारीकरण

बोकारो : बोकारो इस्पात संयंत्र की लगभग 20,000 करोड़ की प्रस्तावित ब्राउनफील्ड विस्तारीकरण परियोजना के भविष्य पर एक बार फिर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं। पिछले वर्ष 3 एवं 4 अप्रैल को उत्पन्न अशांति एवं असामान्य परिस्थितियों के कारण इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्थगित करना पड़ा था। विभिन्न प्रयासों और चुनौतियों के बाद परिस्थितियों को सामान्य बनाने तथा परियोजना को पुन गति प्रदान करने की दिशा में पहल की गई। हालांकि, वर्तमान घटनाक्रम ने एक बार फिर परियोजना की निरंतर प्रगति और भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पिछले वर्ष के घटनाक्रम से मिले अनुभवों के बावजूद यदि एक बार फिर वैसी ही परिस्थितियाँ उत्पन्न होती हैं, तो यह औद्योगिक विकास की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है। औद्योगिक गतिविधियों में व्यवधान का प्रभाव केवल संयंत्र परिसर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे जुड़े व्यापक आर्थिक तंत्र पर भी पड़ता है। बार-बार उत्पन्न होने वाली ऐसी बाधाएँ न केवल परियोजना की समयसीमा और क्रियान्वयन की गति को प्रभावित कर सकती हैं, बल्कि भविष्य में निवेश संबंधी निर्णयों के समक्ष भी अनिश्चितता उत्पन्न कर सकती हैं। लगभग 20,000 करोड़ की यह प्रस्तावित परियोजना दीर्घकालिक औद्योगिक विकास से जुड़ी है, इसलिए इसके क्रियान्वयन के लिए स्थिर एवं अनुकूल वातावरण का होना अत्यंत आवश्यक है। यदि यह प्रस्तावित ब्राउनफील्ड विस्तारीकरण परियोजना समय पर पूरी होती, तो रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होते, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलता और विस्थापित परिवारों सहित पूरे क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि को नई दिशा मिलती। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों ने इन सभी संभावनाओं को एक बार फिर खटाई में डाल दिया है।ऐसे में पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए वर्तमान परिस्थितियों का गंभीरता से आकलन करना और औद्योगिक गतिविधियों को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *