गांधी जयंती पर राज्यपाल संतोष गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन ने बापू को दी श्रद्धांजलि

रांची : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि 2 अक्टूबर भारत के इतिहास का ऐसा महत्वपूर्ण दिन है, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता। इस दिन देश की दो महान विभूतियों की जयंती मनाई जाती है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लोग एकत्र होकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का इतिहास उन महान विभूतियों के योगदान से समृद्ध रहा है, जिन्होंने अपने विचारों और आदर्शों से देश का मार्गदर्शन किया। महात्मा गांधी के विचार और उनका जीवन दर्शन आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके सत्य, अहिंसा और समानता के सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बापू के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान बापू के प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *