एकल अभियान की शिक्षा में स्वास्थ्य, संस्कार पर बल, अंधविश्वास ,डायन- विसाही,झाड़-फूंक से दूर रहें
खूंटी:एकल अभियान मुरहू संच द्वारा आयोजित आचार्यों की बैठक सरस्वती शिशु मंदिर कोड़ाकेल में हुई।कार्यक्रम में भैया-बहनों के लिए पाठ्य सामग्री कापी -कलम वितरित की गई। कार्यक्रम में पढ़ाई के साथ साथ सामाजिक कुरीतियां दूर करने पर विचार व्यक्त किया गया।बैठक में संच अध्यक्ष डॉ डीएन तिवारी ने कहा कि एकल अभियान ग्रामीण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा है। मुरहू संच में तीस एकल विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। विद्यालयों में छात्रों को पठन पाठन,स्वास्थ्य शिक्षा, संस्कार शिक्षा , हस्तशिल्प, जागरण शिक्षा सहित ग्राम विकास शिक्षा दिया जाता है। गांवों में खेती -बारी में जैविक और रासायनिक जानकारी दी जाती है। गांवों में अंधविश्वास झाड़-फूंक से दूर रहने, सही समय पर इलाज कराने सहित जरुरी जानकारियां दी जाती हैं।भूत-प्रेत डायन – विसाही आदि भ्रम को दूर करने, तथा किसी के बहकावे में आकर आपसी सद्भाव को नहीं बिगाड़ने पर जोर दिया जाता है। कहा कि सभी को बुद्धि -ज्ञान विवेक से निर्णय लेने चाहिए। परस्पर प्रेम भाईचारा से ही सुख-समृद्धि और सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम में महेंद्र नाग, जय सिंह मुंडा,ओमपति देवी, ध्रुवेन्द्र भास्कर , अनिता देवी मनीषा कुमारी सुधा कुमारी सहित अन्य आचार्य गण उपस्थित थे।


