उपायुक्त ने पेरवाघाघ एवं पांडुपुडिंग जलप्रपात का किया स्थल निरीक्षण
खूँटी, तोरपा: जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपायुक्त मो० जावेद हुसैन द्वारा आज तोरपा प्रखंड अंतर्गत पेरवाघाघ एवं पांडुपुडिंग जलप्रपात का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने दोनों स्थलों पर चल रहे विकासात्मक कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सर्वप्रथम उपायुक्त ने पांडुपुडिंग जल प्रपात का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटकों के लिए बैठने की व्यवस्था, शौचालय एवं आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास कार्य हेतु संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पर्यटक को स्थल भ्रमण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। पहुंच पथ, वाहन पार्किंग समेत अन्य को लेकर भी निर्देश दिए गए। साथ हीं पेरवाघाघ से पांडुपुडिंग तक ट्रेकिंग पाथवे बनाने को लेकर भी विचार विमर्श कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिसके पश्चात उपायुक्त ने पेरवाघाघ जल प्रपात का निरीक्षण किया। उन्होंने वेलकम गेट, रेस्टोरेंट, रिसॉर्ट, बम्बू कॉटेज, चिल्ड्रन पार्क, सीढ़ी, शौचालय, गजीबो, वॉच टावर, स्टाफ क्वार्टर एवं दुकान सहित अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं का विस्तार से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसी एवं संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप तथा उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके। उपायुक्त ने विद्युतीकरण को लेकर भी निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने दोनों स्थलों पर स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने अपील किया कि पर्यटक एवं स्थानीय लोग मिलकर क्षेत्र को साफ-सुथरा रखें। साथ ही, सुरक्षा की दृष्टि से जल प्रपात में जल स्तर की स्पष्ट मार्किंग करने तथा आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


